रायपुर। रेल यात्रियों की सुरक्षा को चुनौती देते हुए ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों में चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। शासकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) रायपुर में चोरी के तीन अलग-अलग मामलों में यात्रियों के लैपटॉप, ट्रॉली बैग और महंगे मोबाइल की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
पहले मामले में रायपुर निवासी अर्थव राजिमवाले का है। उक्त यात्री 6 जून को अहमदाबाद-पुरी एक्सप्रेस के बी-5 कोच में वडोदरा से रायपुर की यात्रा कर रहे थे। सुबह करीब 7:15 बजे नींद से जागने पर उन्होंने देखा कि सीट के नीचे रखा उनका ट्रॉली बैग गायब है। बैग में लैपटॉप और अन्य सामान रखा हुआ था। चोरी गए सामान की कीमत लगभग 25 हजार रुपये बताई गई है। उक्त यात्री ने घटना अकोला स्टेशन के आसपास की होने की बताई है।
दूसरे मामले में धमतरी जिले के निवासी तोषण कुमार ने अपनी बहन की ओर से शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार उनकी बहन 4 जून को नई दिल्ली से रायपुर आने के लिए ग्रांड ट्रंक एक्सप्रेस में यात्रा कर रही थीं। ट्रेन के जनरल डिब्बे में चढ़ने के दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनकी जेब से मोबाइल फोन चोरी कर लिया। मोबाइल की कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है। घटना नई दिल्ली रेलवे स्टेशन की होने के कारण मामला जीआरपी नई दिल्ली को भेजा गया है। तीसरे मामले में मध्यप्रदेश के अनूपपुर निवासी सुनील कुमार राठौर ने शिकायत दर्ज कराई कि वह 6 मई को रायपुर से अनूपपुर जाने के लिए अमरकंटक एक्सप्रेस के जनरल कोच में यात्रा कर रहे थे। ट्रेन में अधिक भीड़ होने के कारण उन्हें खड़े होकर सफर करना पड़ा। ट्रेन चलने के कुछ मिनट बाद उन्होंने जेब में हाथ डाला तो उनका वनप्लस नॉर्ड सीई-4 मोबाइल गायब था। चोरी गए मोबाइल की कीमत लगभग 28 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यात्रियों से सतर्क रहने की अपील
जीआरपी ने यात्रियों से यात्रा के दौरान अपने सामान और मोबाइल फोन की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि भीड़भाड़ वाले प्लेटफॉर्म और जनरल कोचों में जेबकतरे और चोर सक्रिय रहते हैं, इसलिए यात्रियों को अपने कीमती सामान पर लगातार नजर रखनी चाहिए। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल रेलवे पुलिस को देने की सलाह दी गई है।



















