रायपुर। त्योहारी सीजन में ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) ने यात्रियों के लिए बड़ी राहत की घोषणा की है। रेल प्रशासन ने प्रयागराज और विशाखापटनम के बीच साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है, जिससे छत्तीसगढ़ के हजारों यात्रियों को यात्रा में सुविधा मिलेगी। रेलवे के अनुसार, यह विशेष ट्रेन दोनों दिशाओं में 16-16 फेरे लगाएगी। इससे त्योहारों के दौरान लंबी वेटिंग और कंफर्म टिकट की समस्या से जूझ रहे यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
इन जिलों के यात्रियों को होगा लाभ
इस स्पेशल ट्रेन का लाभ विशेष रूप से छत्तीसगढ़ के बिलासपुर, रायगढ़ और पेंड्रारोड क्षेत्र के यात्रियों को मिलेगा। इसके अलावा मध्य प्रदेश के शहडोल और अनूपपुर के यात्रियों को भी यात्रा में सुविधा होगी। ट्रेन के संचालन से इन क्षेत्रों के लोगों को प्रयागराज और विशाखापटनम के बीच बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिलेगी।
ये रहा शेड्यूल
गाड़ी संख्या 04159 प्रयागराज-विशाखापटनम साप्ताहिक स्पेशल 14 अगस्त से 27 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार को प्रयागराज से सुबह 10:15 बजे रवाना होगी और अगले दिन शनिवार को दोपहर 1:30 बजे विशाखापटनम पहुंचेगी. वहीं वापसी में गाड़ी संख्या 04160 विशाखापटनम-प्रयागराज साप्ताहिक स्पेशल 15 अगस्त से 28 नवंबर तक प्रत्येक शनिवार को विशाखापटनम से दोपहर 3:40 बजे चलेगी और अगले दिन रविवार को शाम 5:30 बजे प्रयागराज पहुंचेगी.
SECR के बिलासपुर मंडल के अंतर्गत इस ट्रेन का स्टॉपेज शहडोल, अनूपपुर, पेंड्रारोड, बिलासपुर और रायगढ़ में रहेगा. प्रयागराज से आने वाली ट्रेन शहडोल शाम 6:15 बजे, अनूपपुर 6:55 बजे, पेंड्रारोड 7:38 बजे और बिलासपुर रात 10:15 बजे पहुंचेगी. बिलासपुर में 10 मिनट रुकने के बाद ट्रेन 10:25 बजे रवाना होगी। इसके बाद रायगढ़ रात 12:25 बजे पहुंचेगी.
ट्रेन में कुल 22 कोच
वापसी में विशाखापटनम से आने वाली ट्रेन रायगढ़ सुबह 3:55 बजे और बिलासपुर सुबह 6 बजे पहुंचेगी. रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए इस स्पेशल ट्रेन में कुल 22 कोच लगाए हैं. इसमें 5 जनरल, 7 स्लीपर, 1 एसी-2, 4 एसी-3, 3 एसी-3 इकोनॉमी, 1 पावरकार और 1 एसएलआरडी कोच शामिल हैं.
त्योहारी सीजन में बड़ी सौगात
इससे त्योहारी सीजन में दुर्गा पूजा और दीपावली पर घर जाने वाले यात्रियों को अलग-अलग क्लास में कंफर्म बर्थ का विकल्प मिलेगा. इससे CG से आंध्र प्रदेश और उत्तर प्रदेश की कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी. रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन का समय और ठहराव की जानकारी IRCTC वेबसाइट पर जरूर देख लें


















