नई दिल्ली। दिल्ली में सोमवार सुबह से शाम तक लोग जाम से जूझे। जिस भी सड़क का रुख किया, जाम से सामना हुआ। गणतंत्र दिवस परेड की रिहर्सल, रिंग रोड पर मांगी ब्रिज की मरम्मत के चलते लगाए गए प्रतिबंध व डायवर्जन के कारण बाकी सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ने से यातायात व्यवस्था बिगड़ी रही। कई स्थानों पर तो जाम की वजह से मिनटों की दूरी तय करने में घंटों लगे। छतरपुर के पास मंडी रोड पर जाम में एंबुलेंस तक अटक गई, एक्स पर लोगों ने पुलिस से जाम खुलवाकर उसे निकलवाने की गुहार लगाई।
इंडिया गेट के पास चार घंटे रही जद्दोजहद
कर्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस परेड की रिहर्सल के कारण इंडिया गेट के पास सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक प्रतिबंध लागू रहा। इस दौरान इंडिया गेट के रूट पर जाम की स्थिति बनी रही। प्रतिबंध हटने दो घंटे बाद तक यातायात व्यवस्था ध्वस्त नजर आई। ऐसे में यहां पर चार घंटे की जद्दोजहद रही। आसपास के इलाकों में भी इसका असर दिखा।
आईटीओ के आसपास रहा फंसे रहे वाहन
पंडित दीनदयाल उपाध्याय मार्ग पर वीवीआईपी मूवमेंट के चलते आइटीओ चौक, बहादुरशाह जफर मार्ग, डीडीयू मार्ग, हमदर्द रोड, हमदर्द रेड लाइट, रणजीत सिंह मार्ग, रणजीत सिंह फ्लाईओवर और प्रेस रोड पर सुबह आठ बजे से शाम छह बजे तक यातायात प्रतिबंध लागू किया गया। दोनों कैरिजवे और सर्विस रोड पर डायवर्जन के कारण वैकल्पिक मार्गों पर वाहनों का अत्यधिक दबाव बना। इस कारण रिंग रोड पर भी यातायात प्रभावित रहा। मिंटो ब्रिज और आसपास के मार्गों पर जाम रहा। ऐसे में नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वालों को भी दिक्कत हुई।
दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर तीन किमी लंबी कतार
दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर सबसे खराब स्थिति रही। रिंग रोड पर जाम के चलते लोगों ने कश्मीरी गेट आईएसबीटी की ओर जाने वालों ने सराय काले खां से गाड़ी दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर मोड़ ली। लोगों को लगा कि वे अक्षरधाम मंदिर के पास एक्सप्रेसवे से निकल कर दिल्ली-देहरादून हाईवे की सर्विस रोड, शास्त्री पार्क, जीटी रोड होते हुए वहां तक पहुंच जाएंगे। लेकिन इस सड़क पर वाहनों की दबाव इतना बढ़ गया कि सराय काले खां से अक्षरधाम मंदिर के पास तक करीब तीन किलोमीटर लंबा जाम लग गया। ऐसे में लोग लोग बुरी तरह फंस गए। सराय काले खां मोड़, अर्जुनगढ़ मेट्रो स्टेशन, जनक सेतु, मिठाई पुल, मार्टिन मार्ग, चिराग दिल्ली में लोगों का जाम से सामना हुआ।
भलस्वा और नारायण फ्लाईओवर रहा पैक
आउटर रिंग रोड पर भलस्वा फ्लाईओवर पर ट्रैफिक जाम रहा। दो घंटे तक इस पर वाहन रेंगते नजर आए। ट्रैफिक पुलिस की अनुपस्थिति से व्यवस्था बिगड़ी। रिंग रोड पर नारायण फ्लाईओवर पर धौला कुआं की तरफ लंबा जाम लगा रहा। महिपालपुर फ्लाईओवर पर शंकर विहार की तरफ जाने वाले कैरिजवे पर भी वाहनों की लंबी कतार लगी रही।
रेड लाइट खराब होने से बिगड़ी व्यवस्था
मयूर विहार में हॉलिडे इन होटल के पास रेड लाइट सुबह 10:30 बजे खराब हो गई, जिससे दो घंटे तक अफरा-तफरी मची रही। चारों दिशाओं से वाहन चालक बिना सिग्नल के निकलने का प्रयास करते रहे, जिससे जाम और बढ़ता गया। एक व्यक्ति ने एक्स पर शिकायत की, तब जाकर दिल्ली यातायात पुलिस ने सिग्नल ठीक कराने के लिए टीम भेजी।
ट्रक खराब, डीएनडी पर लगा जाम
डीएनडी के सराय काले खां की तरफ लूप पर सुबह नौ बजे एक ट्रक खराब हो गया। संकरे लूप पर ट्रक की वजह से नोएडा और पूर्वी दिल्ली की ओर से जाने वाले डीएनडी फ्लाईवे पर एक घंटे तक अटके रहे। ड्यूटी पर जा लोगों को भी देरी हुई।
सोशल मीडिया पर गुस्सा
सोमवार को एक्स और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जाम की शिकायतों की बाढ़ आ गई। लोगों ने ट्रैफिक सिग्नल खराब होने, पुलिस की अनुपस्थिति और खराब ट्रैफिक मैनेजमेंट पर तीखी प्रतिक्रिया दी। कई लोगों ने यातायात पुलिस को टैग करते हुए कार्रवाई की मांग की। ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि एक साथ कई स्थानों पर प्रतिबंध और कार्यक्रम होने से व्यवस्था संभालना चुनौतीपूर्ण हो गया।


















