चंडीगढ़/नई दिल्ली पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शनिवार को कहा कि चंडीगढ़ के जिस घर को भाजपा ‘शीश महल’ कह रही है, वह उनका सरकारी आवास और कैंप कार्यालय है। मान ने भाजपा पर गंदा प्रचार करने का आरोप लगाया।
मान ने कहा कि अगर भाजपा वास्तव में देखना चाहती है कि शीश महल कैसा दिखता है, तो उन्हें चंडीगढ़ के बाहरी इलाके में स्थित मुल्लांपुर में अपने नेता और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के निजी आवास पर जाकर देखना चाहिए। भाजपा ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री एवं आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को पंजाब में मुख्यमंत्री भगवंत मान के कोटे के तहत सात सितारा सुविधाओं वाला शीश महल मुहैया कराया जा रहा है।



















