ब्रेकिंग खबरें

राष्ट्रीयट्रेंडिंग

पहलगाम हमले के बाद श्रीनगर से हवाई टिकट चार गुना तक महंगा

पहलगाम हमले के बाद नागरिक उड्डयन मंत्री के सख्त निर्देश के बाद भी श्रीनगर से दिल्ली व अन्य जगहों के लिए लौट रहे पर्यटकों के लिए हवाई टिकट महंगा पड़ रहा. गुरुवार को श्रीनगर से दिल्ली के बीच हवाई जहाज का टिकट नौ से लेकर 19 हजार के बीच मिला. सामान्य दिनों में टिकट की कीमत पांच से सात हजार के बीच होती है.

हमले के बाद बड़ी संख्या में लोग कश्मीर से निकलना चाहते हैं, जिसको देखते हुए बुधवार को केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नाड्यू ने सभी विमानन कंपनियों को निर्देश दिया था कि वह हवाई टिकट की कीमतें नियंत्रण में रखें. इस पर सरकार द्वारा निगरानी की जा रही है. इसके बाद कुछ कंपनियों की तरफ से कीमतों में कमी की गई थी लेकिन फिर भी कीमतें सामान्य दिनों के मुकाबले अधिक थीं. गुरुवार को भी यह स्थिति रही.

सुबह के समय में श्रीनगर से दिल्ली की फ्लाइट टिकट नौ हजार रुपये में मिल रही थी. दोपहर में यह टिकट 14 से 19 हजार के बीच की थी. उधर, गुरुवार को श्रीनगर से सीधे महाराष्ट्र के बीच इंडिगो और एयर इंडिया ने विशेष विमान एक-एक विशेष उड़ान सेवा संचालित की. इंडियो द्वारा 83 और एयर इंडिया द्वारा 100 यात्रियों वाली फ्लाइट सेवा से काफी यात्रियों को श्रीनगर से निकलने में मदद मिली. इस तरह से अन्य मार्गों पर भी अतिरिक्त उड़ान संचालित की गई. ध्यान रहे कि मंत्रालय के हस्तक्षेप के बाद विमानन कंपनियों ने श्रीनगर आने-जाने वाले यात्रियों को 30 अप्रैल तक टिकट रद्द कराने या फिर यात्रा तिथि को परिवर्तन करने पर सभी तरह के शुल्क को हटा लिया था लेकिन तत्काल टिकट सामान्य दिनों से महंगे हैं.

सीधे मुंबई के लिए फ्लाइट सस्ती : स्पाइस जेट, इंडिगो, एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस की तरफ से श्रीनगर से मुंबई के बीच विमानन सेवा उपलब्ध कराई गई. कुछ विमान सेवा सीधे (नॉन स्टॉप) और कुछ बीच में दिल्ली, चंडीगढ़ रुककर जाने वाली थी. सीधे जाने वाली उड़ान सेवा का टिकट सस्ता था. जबकि बीच में रुक कर जाने वाले विमान का टिकट महंगा था. श्रीनगर से चलकर दिल्ली रुक कर मुंबई जाने वाले इंडिगो विमान का टिकट 13 हजार से अधिक था. जबकि बिना रुके मुंबई जाने वाला अकासा एयर और एयर इंडिया का टिकट 10 हजार से कम का था.

कश्मीर से 14 हजार पर्यटक लौटे

पहलगाम हमले के बाद जम्मू- कश्मीर घूमने गए पर्यटकों के लौटने का सिलसिला जारी है. डीजीसीए के एक अधिकारी ने बताया कि गुरुवार को श्रीनगर से सुबह छह से रात आठ बजे तक 110 विमानों का संचालन किया गया. इससे 14,197 पर्यटकों को उनके गंतव्य तक पहुंचाया गया है. वहीं 4,107 लोग एयरपोर्ट पर अपने विमान का इंतजार कर रहे हैं. जानकारों की मानें तो शुक्रवार को भी बड़ी संख्या में लोगों को श्रीनगर से लाने की तैयारी है.

What's your reaction?

Related Posts