दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। घटना कुम्हारी थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-4 की है, जहां मकान में आग लगने के बाद गैस सिलेंडर ब्लास्ट हो गया। हादसे में पिता, दो बेटियां और एक मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक घर के पास लगे बिजली के खंभे में शॉर्ट सर्किट होने से आग लगी, जिसने देखते ही देखते मकान को अपनी चपेट में ले लिया। आग किचन तक पहुंची तो वहां रखा गैस सिलेंडर जोरदार धमाके के साथ फट गया। विस्फोट इतना तेज था कि पूरे घर में आग फैल गई और अंदर मौजूद परिवार के सदस्य बाहर नहीं निकल सके।
हादसे में मृतकों की पहचान अनिल वैष्णव (45 वर्ष), चांदनी वैष्णव (18 वर्ष), लक्ष्मी वैष्णव (20 वर्ष) और गोपिका वैष्णव (1 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गोपिका परिवार की मासूम बच्ची थी, जो हादसे के वक्त घर में ही मौजूद थी।
धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। सूचना मिलते ही जिला अग्निशमन विभाग, पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची। SDRF कमांडेंट नागेंद्र सिंह और कुम्हारी थाना पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य संभाला।
फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद घर के अंदर से चारों शव बरामद किए गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इलाके में इस दर्दनाक हादसे के बाद शोक का माहौल है।



















