ब्रेकिंग खबरें

छत्तीसगढ़

रेल यात्रियों को बड़ी राहत: चांपा स्टेशन में चौथी लाइन का कार्य स्थगित, 07 से 19 जून तक रद्द की गईं सभी ट्रेनें हुईं बहाल

रायपुर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) से सफर करने वाले हजारों रेल यात्रियों के लिए एक बेहद राहत भरी खबर है। बिलासपुर-झारसुगुड़ा सेक्शन के चांपा स्टेशन में चौथी रेल लाइन को जोड़ने के लिए आगामी जून महीने में प्रस्तावित नॉन-इंटरलॉकिंग (NI) कार्य को रेलवे प्रशासन ने आगामी आदेश तक स्थगित कर दिया है। इस फैसले के बाद, इस कार्य के कारण 07 जून से 19 जून, 2026 तक रद्द की गई सभी यात्री और एक्सप्रेस ट्रेनों को रेलवे ने बहाल (रिस्टोर) कर दिया है। अब ये सभी गाड़ियां अपने निर्धारित समय, मार्ग और तिथियों पर सामान्य रूप से चलेंगी।

यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने बदला फैसला

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा रेल अधोसंरचना के विकास और परिचालन क्षमता में वृद्धि के लिए विभिन्न परियोजनाओं पर लगातार काम किया जा रहा है। इसी सिलसिले में चांपा स्टेशन पर चौथी लाइन को जोड़ने का काम जून के दूसरे सप्ताह से तय किया गया था, जिसके चलते बड़ी संख्या में ट्रेनों को रद्द या उनके मार्ग में बदलाव करने की घोषणा की गई थी।

चूंकि जून के महीने में यात्रियों की भारी आवाजाही होती है, इसलिए यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए और उनकी यात्रा को सुगम बनाए रखने के उद्देश्य से रेलवे प्रशासन ने फिलहाल इस काम को टालने का निर्णय लिया है।

पूर्ववत चलेंगी सभी एक्सप्रेस और पैसेंजर गाड़ियां

नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य स्थगित होने के फलस्वरूप अब बिलासपुर, रायपुर और झारसुगुड़ा रूट से होकर गुजरने वाली उन सभी ट्रेनों के पहिए नहीं थमेंगे, जिन्हें पहले रद्द सूची में डाल दिया गया था। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि:

  • 07 से 19 जून, 2026 के बीच रद्द की गईं सभी गाड़ियां अब ट्रैक पर लौटेंगी।
  • सभी ट्रेनें अपने पहले से तय समय सारणी (Time Table) के अनुसार ही चलेंगी।
  • यात्रियों को पूर्व में टिकट कैंसिलेशन या यात्रा टालने की जो चिंता थी, वह अब दूर हो गई है।

यात्रा से पहले रेलवे की अधिकृत सेवाओं से लें जानकारी

रेल प्रशासन ने बयान जारी कर कहा है कि वह यात्रियों को होने वाली असुविधा को न्यूनतम रखने तथा सुरक्षित एवं बेहतर रेल सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए सतत प्रयासरत है। इसके साथ ही रेलवे ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे अपनी यात्रा पर निकलने से पहले संबंधित ट्रेन की अद्यतन (Latest) स्थिति की जानकारी रेलवे की अधिकृत पूछताछ सेवा ‘139’ या आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से अवश्य प्राप्त कर लें।

What's your reaction?

Related Posts