रायपुर। नगर निगम रायपुर की ऑनलाइन प्रॉपर्टी टैक्स वसूली व्यवस्था को आसान बनाने के लिए शुरू किया गया वॉट्सएप चैटबॉट साइबर हमलावरों के निशाने पर आ गया। हालांकि निगम के आईटी सेल और साइबर विशेषज्ञों की सतर्कता के चलते हैकिंग और स्पैम अटैक की कोशिशें पूरी तरह विफल कर दी गईं। अब नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए निगम एक के बजाय दो वॉट्सएप चैटबॉट नंबरों के माध्यम से सेवा उपलब्ध कराएगा।
राजस्व उपायुक्त डॉ. अंजलि शर्मा के मुताबिक चैटबॉट शुरू होने के महज 15 दिनों में नागरिकों ने इसके जरिए लगभग 2 करोड़ 95 लाख रुपये का प्रॉपर्टी टैक्स जमा किया। बड़े बकायादारों को डिमांड नोटिस जारी होने के बाद चैटबॉट नंबर पर अनधिकृत एक्सेस और स्पैम अटैक की शिकायतें सामने आईं। समय रहते तकनीकी टीम ने आवश्यक सुरक्षा उपाय लागू कर सिस्टम को पूरी तरह सुरक्षित कर लिया, जिससे किसी प्रकार का डेटा या सेवा प्रभावित नहीं हुई।
नगर निगम अब ऑनलाइन टैक्स भुगतान प्रणाली की साइबर सुरक्षा को और मजबूत बनाने की दिशा में काम कर रहा है। 22 जुलाई को निगम आयुक्त संबित मिश्रा राजस्व वसूली और डिजिटल सुरक्षा की समीक्षा बैठक लेंगे। बैठक में एनआईसी, चिप्स तथा केंद्रीय आवासन एवं शहरी मंत्रालय के तकनीकी विशेषज्ञों से भी सुझाव लिए जाएंगे। साथ ही तीन-तीन डिमांड नोटिस के बाद भी टैक्स जमा नहीं करने वाले बड़े बकायादारों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की रणनीति तय की जाएगी। निगम के अनुसार 4,300 बड़े बकायादारों में से तीसरी नोटिस के बाद अब तक केवल 348 लोगों ने ही कर जमा किया है। वहीं निजी स्कूलों और कॉलेजों को मिलने वाली प्रॉपर्टी टैक्स छूट की भी समीक्षा की जाएगी। यदि किसी शैक्षणिक संस्थान के भवन या परिसर का व्यावसायिक उपयोग पाया जाता है तो नियमानुसार प्रॉपर्टी टैक्स वसूला जाएगा।
नगर निगम को 17 मई से 21 जुलाई के बीच कुल 42 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है। इसमें 35 करोड़ रुपये प्रॉपर्टी टैक्स और 7 करोड़ रुपये अन्य मदों से प्राप्त हुए हैं। निगम ने चालू वित्तीय वर्ष में 500 करोड़ रुपये राजस्व संग्रह का लक्ष्य निर्धारित किया है।
नगर निगम ने करदाताओं को राहत देते हुए 30 सितंबर तक प्रॉपर्टी टैक्स जमा करने पर 5 प्रतिशत की छूट की सुविधा भी जारी रखी है। करदाता कैश, यूपीआई, नेट बैंकिंग, डेबिट-क्रेडिट कार्ड तथा वॉट्सएप चैटबॉट के माध्यम से टैक्स जमा कर डिजिटल रसीद प्राप्त कर सकते हैं।


















