Ashneer Grover Biopic: मुंबई। बॉलीवुड लंबे समय से मौजूदा एक्शन और लार्जर दैन लाइफ सिनेमा के दबदबे के बाद अब अपने सबसे भरोसेमंद और पारंपरिक पति-पत्नी और वो के फॉर्मूले की ओर लौट रहा है। लेकिन इस बार यह केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि कॉरपोरेट विवादों की कड़वी सच्चाई और एक हाई कॉन्सेप्ट सिनेमैटिक यूनिवर्स का मिश्रण है। साल 2026 से 2027 के बीच सुपरस्टार आमिर खान, वरुण धवन और वर्सटाइल अभिनेता आयुष्मान खुराना इस जॉनर को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए तैयार हैं।
फिल्म में दिखाई देगा पति -पत्नी वाला एंगल
बीते कुछ दिनों से यह चर्चा सबसे तेज है कि मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान अपने अगले प्रोजेक्ट के तौर पर अश्नीर ग्रोवर की बायोपिक पर विचार कर रहे हैं। इस फिल्म का निर्देशन राहुल मोदी करेंगे। फिल्म की धुरी इसका पति-पत्नी वाला एंगल है। ट्रेड जगत के जानकार सूत्रों के मुताबिक… अश्नीर ग्रोवर की पत्नी और एक पेमेंट ऐप की पूर्व हेड ऑफ कंट्रोल्स माधुरी जैन ग्रोवर की भूमिका के लिए श्रद्धा कपूर का नाम लगभग तय हो चुका है।
पहली बार आमिर के साथ दिखेंगी श्रद्धा कपूर (Ashneer Grover Biopic)
फिल्म में पहली बार श्रद्धा कपूर, आमिर के साथ मुख्य भूमिका (पत्नी) में नजर आएंगी। ये पहला मौका होगा, जब दोनों की जोड़ी किसी फिल्म में दिखाई देगी। परदे पर पहली बार आमिर-श्रद्धा की जोड़ी नजर आएगी। श्रद्धा शुरुआत से ही इस फिल्म से जुड़ी हुई हैं। दरअसल, वो निर्देशक राहुल मोदी के काफी करीब हैं, इसलिए पिछले 3 सालों से स्क्रिप्ट के विकास को करीब से देख रही हैं और माधुरी के जटिल किरदार की बारीकियों को समझने की तैयारी कर रही हैं।
इसी थीम पर तैयार हैं कई और मेगा प्रोजेक्ट्स
आमिर और आयुष्मान के अलावा भी कई बड़े निर्माता-निर्देशक इसी थीम पर काम कर रहे हैं। लव एंड वॉर (संजय लीला भंसाली), जिसमें रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और विकी कौशल नजर आएंगे, युद्ध की पृष्ठभूमि में एक जटिल वैवाहिक त्रिकोण को पेश करेगी। वहीं कॉकटेल 2 लिव-इन रिलेशनशिप और शादी के बाद की आधुनिक समस्याओं को दिखाएगी। इसके अलावा शक्ति शालिनी दिनेश विजान के यूनिवर्स की फिल्म है, जो पति-पत्नी के रिश्तों में अलौकिक शक्तियों का तड़का लगाएगी।
पति पत्नी और वो 2 में दिखेगा नया द्विस्ट
आयुष्मान खुराना अपनी काल्पनिक पतियों की दुनिया यानी पतिवर्स को और अधिक जटिल बनाने के लिए तैयार हैं। फिल्म पति पत्नी और वो 2 का टीजर रिलीज हो चुका है, जिसने सोशल मीडिया पर काफी सुर्खियां बटोरी हैं। इस बार कहानी में नया द्विस्ट यह है कि आयुष्मान (प्रजापति पांडे) एक या दो नहीं, बल्कि तीन महिलाओं के बीच फंसे नजर आएंगे। इनके किरदारों में सारा अली खान, वामिका गब्बी और रकुल प्रीत सिंह अपनी अदाकारी दिखाएंगी। मुदस्सर अजीज के निर्देशन में बन रही यह फिल्म 15 मई को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। विजय राज इसमें एक पुलिस अधिकारी के रूप में कॉमेडी करते नजर आएंगे, जो दर्शकों को हंसी के साथ-साथ भरपूर कन्फ्यूजन का डोज दे सकता है। इसके अलावा वरुण धवन की सबसे चर्चित फिल्म है जवानी तो इश्क होना है सीधे तौर पर पति-पत्नी और वो के उसी 90 के दशक वाले फॉर्मूले पर आधारित है।




















