Chhattisgarh News: बिलासपुर। तोरवा थाना क्षेत्र में एक महिला से दिनदहाड़े चेन स्नेचिंग का मामला सामने आया है। घर के बाहर झाडू लगा रही महिला के गले से स्कूटी सवार तीन बदमाशों ने सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए। पीड़िता के पति रेलवे विभाग में लोको पायलट हैं। शिवधाम विहार, विनीत पेट्रोल पंप के पास निवासी भानूप्रकाश ने बताया कि 15 जून की सुबह 4:30 बजे वह ड्यूटी पर चले गए थे। इसके कुछ समय बाद उनकी पत्नी संजू कुमारी घर के सामने मुख्य सड़क पर झाडू लगा रही थीं। सुबह लगभग 6 बजे नीले रंग की स्कूटी में सवार तीन युवक वहां पहुंचे। स्कूटी के पीछे बैठे युवक ने अचानक झपट्टा मारकर महिला के गले में पहनी सोने की चेन खींच ली।
वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी मेन रोड की ओर भाग निकले। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि स्कूटी चालक नीले रंग की टी-शर्ट और जींस पहने हुए था। बीच में बैठे युवक ने सफेद रंग की शर्ट तथा पीछे बैठे युवक ने सफेद रंग की टी-शर्ट पहन रखी थी। पीछे बैठे युवक ने ही चेन झपटी थी। घटना के बाद परिजनों ने आसपास आरोपियों की तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद तोरवा थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई गई। तोरवा पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।


















