अपने पूर्व प्रेमी से बदला लेने की सनक में लड़की ने कुछ ऐसा कर डाला, जिसे जानकर लोग सदमे में हैं. इस लड़की ने न सिर्फ अपने पूर्व प्रेमी को मौत के घाट उतार डाला, बल्कि उसके साथ चार अन्य लोगों को भी मार डाला. लड़के की गलती सिर्फ इतनी थी कि उसने लड़की से ब्रेकअप करके नई गर्लफ्रेंड बना ली थी. इसके बाद बदले की आग में तड़प रही लड़की ने बड़े ही शातिर अंदाज में योजना बनाकर उसका काम तमाम कर डाला. उसने लड़के को पीने के लिए जहरीला ‘पेपर सूप’ दिया था. इस दौरान लड़के कुछ दोस्त भी उसके साथ थे और सबने मिलकर बांटकर इस सूप को पी लिया. जब बहुत देर तक यह लोग घर नहीं पहुंचे तो इनके परिजन तलाश में निकले. जब यह लोग उस घर में गए जहां, इन लड़कों के होने की आशंका थी तो वहां का नजारा देख सभी चीख निकल गई. घटना को लेकर स्थानीय लोग हैरान हैं.
यह घटना नाइजीरिया की है. यहां पर एक लड़की का दूसरे से अफेयर था, लेकिन बाद में लड़के के संबंध किसी दूसरी युवती से हो गए. इस बात से पहली लड़की काफी नाराज थी. बदला लेने के लिए उसने लड़के को कुछ दोस्तों के साथ परंपरागत काली मिर्च का सूप पीने के लिए बुलाया. बताया जाता है उसका इरादा केवल अपने पूर्व प्रेमी को मौत के घाट उतारना था. लेकिन उसने अपने साथ वहां गए अन्य दोस्तों से भी जहरीला सूप शेयर कर लिया. इसके बाद पांचों की मौत हो गई. स्थानीय पुलिस ने लड़की को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में जांच चल रही है. एडो स्टेट पुलिस कमांड के प्रवक्ता मोजेज यामू ने कहाकि अधिकारी समझ रहे हैं मौतें कैसे हुई हैं. हालांकि इसके पीछे की ठोस वजहें तलाशी जा रही हैं.
वहीं, मामले में लड़की का पक्ष भी सामने आया है. 17 साल की इस लड़की ने सभी आरोपों से इनकार किया है. उसका कहना है घटना के दिन वह कस्बे में थी ही नहीं और इन पांच लोगों की मौत जेनरेटर के धुएं से हुई है. वहीं, पूर्व प्रेमी के पिता ने पुलिस को कुछ ऐसी बातें बताई हैं जिससे लड़की पर शक गहरा गया है. पिता का कहना है कि कुछ वक्त पहले लड़के की नई गर्लफ्रेंड पूर्व प्रेमिका के सामने आ गई थी. तब पूर्व प्रेमिका ने लड़के की नई गर्लफ्रेंड के कपड़े फाड़ डाले थे. इससे घटना में लड़की के शामिल होने का शक बढ़ गया है.

















