कोरिया। जिले के सोनहत थाना क्षेत्र के नौगई गांव में रेत कारोबार को लेकर चल रहे विवाद ने मंगलवार-बुधवार की दरम्यानी रात हिंसक रूप ले लिया। घटना में वरिष्ठ भाजपा नेता एवं व्यवसायी भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह की फॉर्च्यूनर वाहन में जलकर मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से झुलसे उनके रिश्तेदार नागेंद्र सिंह ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। अन्य घायलों का इलाज जारी है।
पुलिस के अनुसार घटना रात करीब 12 बजे हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नौगई रेत घाट के संचालन, अवैध खनन और कथित रेत तस्करी को लेकर दो पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के बीच देर रात दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए, जिसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के अनुसार विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने फॉर्च्यूनर वाहन का रास्ता डंपर लगाकर रोक दिया। आरोप है कि इसके बाद वाहन पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी गई। उस समय वाहन में भरत सिंह, नागेंद्र सिंह सहित अन्य लोग मौजूद थे। आग की चपेट में आने से भरत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से झुलसे नागेंद्र सिंह ने बाद में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
मामले में पुलिस ने मनोज त्रिपाठी के परिवार से जुड़े सात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। इनमें से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि तीन अन्य की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि वाहन में आग लगने की वास्तविक परिस्थितियों की जांच की जा रही है और फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही घटनाक्रम की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय विधायक भैयालाल राजवाड़े मौके पर पहुंचे और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। वहीं पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने भी घटनास्थल पहुंचकर मामले की जानकारी ली।
घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। सरगुजा रेंज के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी जांच की निगरानी कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। रेत घाट को लेकर उपजे विवाद में हुई इस दोहरी मौत से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा है कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की जा रही है।


















