रायपुर। मानसून की पहली बारिश के साथ ही राजधानी रायपुर में जलभराव और निकासी व्यवस्था की स्थिति का जायजा लेने के लिए नगर पालिक निगम आयुक्त श्री संबित मिश्रा मैदान में उतरे। उन्होंने शहर के विभिन्न नालों, जलभराव प्रभावित क्षेत्रों और निकासी तंत्र का अधिकारियों के साथ प्रत्यक्ष निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने अधिकारियों को सभी प्रमुख नालों के मुहानों को तत्काल खोलकर सफाई कराने, जल निकासी में बाधा बनने वाले अवरोधों को हटाने तथा बारिश के दौरान किसी भी क्षेत्र में पानी जमा न होने देने के निर्देश दिए। उन्होंने नालों पर किए गए अवैध कब्जों की सूची तैयार कर उन्हें हटाने के लिए शीघ्र कार्रवाई करने को भी कहा।
श्री मिश्रा ने जोन-3 के गांधीनगर, कालीनगर और गोरखा कॉलोनी नालों, जोन-5 के प्रोफेसर कॉलोनी, कुशालपुर और मठपारा क्षेत्र तथा जोन-9 के आदर्श नगर मोवा नाला, छोकरा नाला, जब्बार नाला और दलदल सिवनी नाला का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नालों की सफाई, जल निकासी की स्थिति और जलभराव वाले स्थानों का अवलोकन कर अधिकारियों को आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने कहा कि मानसून के दौरान शहर की स्वच्छता और जल निकासी व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निगम अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतते हुए लगातार निगरानी रखने तथा किसी भी क्षेत्र में दोबारा जलभराव की स्थिति उत्पन्न न होने देने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय पार्षदों, निगम के वरिष्ठ अधिकारियों, जोन कमिश्नरों, अभियंताओं, स्वास्थ्य अधिकारियों और स्वच्छता निरीक्षकों की उपस्थिति रही। निगम प्रशासन का कहना है कि बारिश के पूरे मौसम में जल निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष अभियान जारी रहेगा।



















