महतारी वंदन योजना से वंचित महिलाओं के लिए बड़ी राहत की खबर है। 15 अगस्त से इस योजना में छूटी हुई पात्र महिलाओं को फिर से आवेदन करने का अवसर दिया जाएगा। फिलहाल, यह अवसर बस्तर संभाग के नियद नेल्लानार योजना से जुड़े गांवों और कैंपों की महिलाओं को मिलेगा। योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाती है।
आवेदन प्रक्रिया 15 अगस्त से 31 अगस्त तक
महिला एवं बाल विकास विभाग के संचालक पी.एस. एल्मा ने बताया कि 23 जुलाई को मुख्यमंत्री द्वारा ली गई विभागीय समीक्षा बैठक में मिले निर्देशों के बाद यह प्रक्रिया शुरू की जा रही है। आवेदन प्रक्रिया 15 अगस्त से 31 अगस्त तक चलेगी। इसके बाद 1 से 15 सितंबर तक सेक्टर से लेकर जिला स्तर पर आवेदनों का सत्यापन किया जाएगा, जबकि 16 से 25 सितंबर के बीच आवेदन वेबपोर्टल पर अपलोड किए जाएंगे।



















