Raipur News: रायपुर। शहरवासियों को अगले महीने से एक बड़ी राहत मिलने वाली है। राजधानी में 20-25 सीटर 10 मिनी बस मई और जून महीने में टाटीबंध से तेलीबांधा और रेलवे स्टेशन से इंटरस्टेट बस टर्मिनल (आईएसबीटी) भाठागांव तक चलाई जाएगी। इसके लिए मिनिस्ट्री ऑफ हाउसिंग एंड अर्बन अफेयर्स ने काउंसिल ऑफ एनर्जी, एनवॉयरमेंट एंड वॉटर एजेंसी को अधिकृत कर दिया है। इस एजेंसी ने मिनिस्ट्री के माध्यम से निगम आयुक्त विश्वदीप को राजधानी की सड़कों को छोटी मिनी बस के लायक बताते हुए रुट की अनुमति मांगी। आयुक्त ने मिनिस्ट्री के पत्र से परिवहन विभाग को अवगत करा दिया है। तदुपरांत परिवहन विभाग ने राज्य शासन की अनुमति से यहां दो रुट पर पायलट प्रोजेक्ट के तहत मई और जून महीने में बस चलाने की अनुमति दे दी। प्रधानमंत्री इलेक्ट्रिक बस योजना के तहत राजधानी में 100 ई-बस चलने में अभी देरी है।
क्या एसी बस का किराया दे पाएंगे नागरिक (Raipur News)
इन दो रूट पर इलेट्रिरक एसी मिनी बस या फिर डीजल वाली एसी-नॉन एसी 10 बसें चलेंगी। इस गर्मी के सीजन में टाटीबंध से तेलीबांधा रूट पर चलने वाली एसी बस का किराया नागरिक वहन कर पाएंगे या नहीं, यह भी देखा जाएगा। इसी के साथ नॉन एसी बस का भी ऑप्शन यात्रियों के पास रहेगा। चूंकि इलेल्ट्रिरक एसी बसें अधिक यात्री क्षमता वाली आएगी, इसके समानांतर इन मिनी बसों की फ्रीक्वेंसी जांच का पता इसी पायलट प्रोजेक्ट में लगाया जाएगा। निगम के अधिकारियों ने बताया कि पायलट प्रोजेक्ट की 10 बसें इन रुटों पर सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक चल सकती हैं।
पहले रूट पर 12 व दूसरे रूट पर तीन जगह रुकेंगी बसें (Raipur News)
रेलवे स्टेशन से आईएसबीटी भाठागांव के 5.5 किमी रूट पर मिनी बसें तीन जगह रुकेंगी। रेलवे स्टेशन से छूटकर पहला स्टॉपेज नगर घड़ी चौक और दूसरा स्टॉपेज कालीबाड़ी चौक के बाद तीसरा स्टॉपेज भाठागांव बस टर्मिनल रहेगा। वहीं टाटीबंध-तेलीबांधा रुट में टाटीबंध चौक से एम्स, यूनिवर्सिटी गेट, साइंस कॉलेज, एनआईटी, राजकुमार कॉलेज, आमापारा चौक, फूल चौक, जयस्तंभ चौक, घड़ी चौक, कलेक्टोरेट चौक, मरीन ड्राइव और तेलीबांधा स्टॉपेज रहेगा।
छात्रों और कारोबारियों के लिए उपयोगी (Raipur News)
टाटीबंध से तेलीबांधा चौक के 10.4 किमी के रूट को सबसे महत्वपूर्ण बताया जा रहा है। ऐसा इसलिए क्योंकि इस रूट पर साइंस कॉलेज, यूनिवर्सिटी, आयुर्वेदिक कॉलेज, एनआईटी, संस्कृत कॉलेज, राजकुमार कॉलेज के साथ ही एम्स और मेडिकल कॉलेज भी ऑनरोड हैं। इसी रूट पर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने वालों के लिए सेंट्रल लायब्रेरी और नालंदा परिसर भी है। इसके आगे शारदा चौक से नगर घड़ी चौक और आगे तेलीबांधा तक कई बड़े कारोबारी संस्थान और बड़े मार्केट भी हैं। इसलिए इस रूट पर बसों के आने-जाने एवं यात्रियों की फ्रीक्वेंसी का भी सर्वे किया जाएगा।



















