चांद पर पहली निजी कंपनी पहुंची
अमेरिका की एक निजी कंपनी का लैंडर गुरुवार को चंद्रमा की सतह पर उतरने में कामयाब रहा. इंटुएटिव मशीन्स द्वारा निर्मित लैंडर ओडीसियस गुरुवार शाम को चंद्रमा की सतह पर उतरा और इसी के साथ ही यह 1972 में अपोलो 17 मिशन के बाद चंद्रमा पर पहुंचने वाला पहला अमेरिकी अंतरिक्षयान बन गया.
कंपनी ने की पुष्टि एनसीबी ने अपनी एक रिपोर्ट में कहा कि अंतरिक्ष यान के लैंड करने के दौरान मिशन कंट्रोलर से उसका संपर्क टूट गया और उम्मीद है कि संपर्क फिर स्थापित होगा. मिशन के निदेशक टिम क्रैन ने कहा कि टीम इस पर काम कर रही है कि ओडीसियस नामक लैंडर से भेजे गए एकमात्र सिग्नल को कैसे स्पष्ट किया जाए. उन्होंने कहा, ‘हम पुष्टि करते हैं कि हमारा उपकरण चंद्रमा की सतह पर है.’
अमेरिकी अंतरिक्ष ऐंजेसी नासा के बिल नेल्सन ने ह्यूस्टन की कंपनी इंटुएटिव मशीन्स का ओडीसियस लैंडर चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव के पास उतरने के बाद कहा, ‘ आधी सदी में पहली बार अमेरिका चंद्रमा पर दोबारा पहुंचा.’